ग्वालियर के गाँधी प्राणी उद्यान के बाहर से 6 अक्टूबर को गायब हुई शिवपुरी की महिला 20 दिन बाद पुलिस ने दस्तयाब की है। महिला ने पुलिस को बताया कि वह भागी नहीं थी, बल्कि बाइक सवार से लिफ्ट लेकर गई थी।उसके मुताबिक, बाइक सवार उसे बहोड़ापुर के मोतीझील इलाके में छोड़ गया था। वहां रास्ता भटकने के बाद वह एक झोंपड़ी में रहने लगी। अब वह न पति के साथ जाना चाहती है और न ही किसी बॉयफ्रेंड के साथ जाने की बात स्वीकार कर रही है। पुलिस उसे नारी निकेतन भेजने की तैयारी कर रही है।
दरअसल शिवपुरी का रहने वाला करण रजक 6 अक्टूबर को बाइक से ग्वालियर आया था और उसकी पत्नी सुहाना रजक भी उसके साथ थी।सुहाना ने ग्वालियर का चिड़ियाघर घूमने की इच्छा जताई तो करण उसे लेकर बाइक से चिड़ियाघर पहुंचा।दोपहर 3 बजकर 9 मिनट 29 सेकंड पर सुहाना ने पति से बाइक पार्किंग में खड़ी करने के लिए कहा। करण बाइक पार्क करने गया और 3 बजकर 9 मिनट 55 सेकंड पर लौटा, तो सुहाना वहां नहीं थी। उसने आसपास तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। कई बार कॉल करने पर उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद करण ने अपने घर, सुहाना के घर और रिश्तेदारों से संपर्क किया, लेकिन उसका पता नहीं चला। फिर पड़ाव थाना पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में करण के बाइक लेकर जाने के बाद तेज रफ्तार से दूसरी बाइक आती दिखी। सुहाना दौड़कर उस बाइक पर बैठती नजर आई। इसके बाद पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। 20 दिन बाद लौटने पर पुलिस ने जब सुहाना से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह बाइक सवार के साथ भागी नहीं थी, बल्कि उसने लिफ्ट ली थी। बाइक सवार उसे बहोड़ापुर के मोतीझील इलाके में छोड़ गया था।
इसके बाद वह रास्ता भटक गई और एक झोंपड़ी में रहने लगी। सुहाना के लौटने के बाद पुलिस अब उससे पूरे घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ कर रही है। सीएसपी रॉबिन जैन का कहना है कि युवती अपने आप वापस लौटी है। पड़ाव थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज थी, इसलिए उसके बयान लिए गए हैं। वह लिफ्ट लेकर जाने की बात कह रही है। फिलहाल महिला को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उसके बाद तथ्यों के आधार पर महिला के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाईट – रॉबिन जैन, सीएसपी – इंदरगंज


