बालाघाट जिले के तिरोड़ी थाना क्षेत्र में महिला की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपी ने पत्नी की डिलीवरी के लिए अस्पताल में हुए खर्च के बाद पैसों की जरूरत के चलते युवक ने सोने के आभूषण लूटने के लिए महिला की हत्या कर दी। वारदात के करीब 20 दिन बाद 28 अक्टूबर को पुलिस ने 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मॉयल की तिरोड़ी माइंस में डेली वेजेस पर काम करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र और वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।
मामला तिरोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम हीरापुर का है। 8 अक्टूबर 2026 को गांव के तालाब किनारे 56 वर्षीय खेलनबाई तुरकर का शव मिला था। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जबकि गले का सोने का मंगलसूत्र और दाहिने कान का टॉप्स गायब था।
मृतका के पति की शिकायत पर पुलिस ने हत्या और लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार टीमें गठित कीं। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल की जांच की गई। शव से करीब 100 फीट दूर खून से सना लकड़ी का डंडा मिला। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों और मॉयल कर्मचारियों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान ब्लास्टर विभाग में कार्यरत रूपेश मरकाम संदिग्ध पाया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी की तुमसर के निजी अस्पताल में डिलीवरी हुई थी और उसे छह-सात दिन भर्ती रहना पड़ा था। इसके चलते उसे पैसों की जरूरत थी। वारदात वाले दिन उसने तालाब के पास भैंस चरा रही महिला के आभूषण देखे और लूट की नीयत से डंडे से हमला कर दिया। महिला की मौत के बाद वह मंगलसूत्र और कान का टॉप्स लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी रूपेश मरकाम को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर मंगलसूत्र, खून से सना डंडा, घटना के समय पहने गए कपड़े और मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी रुपेश पर पहले भी चोरी के मामले दर्ज जिसको लेकर न्यायालय के समक्ष पेश कर रिमांड पर लिया गया हैं… अब आरोपी रुपेश से पुलिस पूछताछ करेंगी और अन्य चोरियों का खुलासा करेंगी।


