मध्यप्रदेश के खंडवा में प्रेम विवाह के बाद युवती को जबरन ले जाने के मामले में नया मोड़ आ गया है। युवक तेजपाल राजपूत और तंजीम मंसूरी के विवाह को लेकर चल रहे विवाद के बीच युवती ने न्यायालय में तेजपाल के साथ रहने की इच्छा जताई है। तंजीम ने तेजपाल को अपना पति भी माना है। युवती के इस बयान के बाद मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है।
दरअसल, खंडवा के रहने वाले तेजपाल राजपूत और तंजीम मंसूरी पिछले करीब पांच साल से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों अलग-अलग समुदायों से हैं और उनके बीच प्रेम संबंध थे। युवक का दावा है, कि दोनों ने अपनी मर्जी से साथ रहने का फैसला किया था। इसके बाद उन्होंने इंदौर न्यायालय में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े दस्तावेज भी तैयार कराए थे।
महादेवगढ़ मंदिर में शादी के बाद शुरू हुआ विवादसोमवार को दोनों खंडवा के महादेवगढ़ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मर्जी से विवाह किया। इसके बाद विवाह से संबंधित दस्तावेज तैयार कराने के लिए दोनों मालीकुआं क्षेत्र में एक नोटरी के पास गए थे। इसी दौरान कुछ लोगों के वहां पहुंचने और युवती को अपने साथ ले जाने का आरोप लगा। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें कुछ लोग युवती को उठाकर ले जाते हुए दिखाई दिए।तेजपाल ने आरोप लगाया था कि युवती के परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और तंजीम को जबरन कार में बैठाकर ले गए।
इसके बाद उसने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत की और पत्नी को वापस दिलाने की मांग की।हिंदू संगठनों ने सौंपा था ज्ञापनमामले के सामने आने के बाद हिंदू संगठनों और सर्व हिंदू समाज ने विरोध जताया था। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर डीएसपी को ज्ञापन सौंपा और युवती को ले जाने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। हिंदू नेता डॉ. अनीष अर्जरे ने भी युवती को तेजपाल के पास वापस भेजने की मांग उठाई थी। उस समय पुलिस की ओर से मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई थी।
कोर्ट में बयान के बाद बदला घटनाक्रमअब न्यायालय में तंजीम मंसूरी के बयान के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। युवती ने तेजपाल राजपूत के साथ रहने की इच्छा जताई और उसे अपना पति माना है। इस घटनाक्रम के बाद अब तंजीम के भरे बाजार उठाकर ले जाने वालों के खियाफ पुलिस की कार्रवाई पर नजर रहेगी। फिलहाल, मामले में सामने आए आरोपों और दोनों पक्षों के दावों के बीच युवती का न्यायालय में दिया गया बयान अहम माना जा रहा है।


