छतरपुर। केन्या की राजधानी नैरोबी में आयोजित होने जा रहे ऊर्जा संचय शिविर में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भक्तों को आशीर्वाद प्रदान किया। शनिवार को बागेश्वर धाम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु बालाजी सरकार के दर्शन और महाराज श्री का आशीर्वाद लेने पहुंचे। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों धर्मप्रेमियों ने महाराज श्री के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।केन्या रवाना होने से पहले महाराज श्री ने सभी सनातन प्रेमियों को संदेश देते हुए कहा कि वे दुनिया के किसी भी कोने में रहें लेकिन अपने सनातन धर्म, संस्कृति और परंपराओं के लिए निरंतर कार्य करते रहें। सनातन की सेवा और उसके प्रचार-प्रसार का कार्य हर सनातनी को अपनी जिम्मेदारी समझकर करना चाहिए।गौरतलब है कि केन्या की राजधानी नैरोबी में ऊर्जा संचय शिविर का आयोजन किया जा रहा है जिसमें महाराज श्री की उपस्थिति में धर्म और आध्यात्म से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस यात्रा को लेकर विदेशों में रहने वाले भारतीय और सनातन धर्म के अनुयायियों में भी उत्साह का माहौल है। शनिवार को बागेश्वर धाम में उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ एक बार फिर बाला जी एवं धाम के प्रति अटूट आस्था और विश्वास को दर्शाती नजर आई।


