रीवा जिले में विकास के दावों की एक बार फिर पोल खुलती नजर आई है। त्योंथर विधानसभा क्षेत्र के ढकरा गांव में सड़क नहीं होने के कारण, एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में गंभीर रूप से बीमार महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए परिजनों और ग्रामीणों को डोली का सहारा लेना पड़ा। ग्रामीण महिला को कंधों पर उठाकर करीब डेढ़ किलोमीटर तक पैदल चले, तब जाकर उसे मुख्य सड़क पर खड़ी एंबुलेंस तक पहुंचाया जा सका, इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है।
दरअसल, त्योंथर के ढकरा गांव में एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस को फोन कर मदद मांगी, लेकिन गांव तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस अंदर तक नहीं पहुंच सकी और मुख्य मार्ग पर ही खड़ी रह गई। महिला की बिगड़ती हालत को देखते हुए ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से डोली तैयार की, और महिला को उस पर लिटाकर कंधों के सहारे खेतों और ऊबड़-खाबड़ पगडंडियों से होते हुए करीब डेढ़ किलोमीटर का सफर तय किया।
इसके बाद महिला को एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में सड़क निर्माण की मांग पिछले दो वर्षों से की जा रही है। इस संबंध में त्योंथर विधायक सिद्धार्थ तिवारी से लेकर रीवा कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई तक कई बार शिकायत और आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।


