जबलपुर : धनतेरस पर ज्वेलर्स की दुकान में महिलाओं का ‘शातिर खेल’, 10 मिनट में 9 लाख के जेवर गायब!

जबलपुर। धनतेरस के दिन जहां बाजारों में खरीदारी की धूम थी और सराफा दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही थी, वहीं कुछ महिलाओं ने खरीदारी की आड़ में ऐसा हाथ साफ किया कि दुकानदार के होश उड़ गए। जबलपुर के आईटीआई के सामने स्थित केंद्र ज्वेलर्स की दुकान में पांच महिलाओं ने मिलकर कथित तौर पर करीब 9 लाख रुपये के सोने के जेवर पार कर दिए। हैरानी की बात यह है कि पूरा खेल महज 10 से 15 मिनट के भीतर हो गया। महिलाएं दुकान में आईं, जेवर देखने का नाटक किया और दुकानदार को भनक तक नहीं लगने दी। जब तक व्यापारी को चोरी का एहसास हुआ, तब तक पांचों महिलाएं रफूचक्कर हो चुकी थीं।

दुकान संचालक इंद्रपाल सोनी के मुताबिक, घटना धनतेरस के दिन दोपहर करीब 12 बजे की है। सबसे पहले दो महिलाएं दुकान पर पहुंचीं और बिछिया दिखाने के लिए कहा। कुछ देर बाद दो और महिलाएं आ गईं। इसके बाद आखिरी में एक महिला बच्चे के साथ दुकान में पहुंची। इस तरह कुल पांच महिलाएं दुकान में मौजूद थीं। दुकानदार को महिलाओं की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, इसलिए उन्होंने अपने कर्मचारी को इशारा कर उन्हें जल्द निपटाने और ज्यादा सामान नहीं दिखाने के लिए कहा। लेकिन महिलाओं ने अपनी चालाकी से दुकान के कर्मचारियों को उलझाए रखा।इंद्रपाल सोनी के मुताबिक, महिलाओं ने बिछिया दिखाने की मांग की। कर्मचारी ने उन्हें बिछिया दिखाना शुरू किया।

इसी दौरान एक महिला सिक्का दिखाने की बात करने लगी। दुकानदार और कर्मचारी का ध्यान बिछिया दिखाने में लगा रहा। इसी बीच महिलाओं ने डिस्प्ले में रखे सोने के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। व्यापारी के मुताबिक, महिलाओं ने डिस्प्ले से नौ डिब्बे गायब कर दिए, जिनमें करीब 70 ग्राम सोने के जेवर रखे हुए थे। इनकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है।दुकानदार के मुताबिक, महिलाओं ने बिछिया की कीमत पूछी और कुछ सामान का भुगतान भी किया, लेकिन बिल बनवाने के लिए नहीं रुकीं।

जल्दबाजी दिखाते हुए दुकान से निकल गईं। उस समय दुकान में दूसरे ग्राहक भी मौजूद थे, जिनका सामान देखने और नाप लेने में कर्मचारी व्यस्त हो गए। करीब 10 से 15 मिनट बाद जब दुकानदार ने डिस्प्ले चेक किया तो जेवरों के नौ डिब्बे गायब मिले। इसके बाद दुकान में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों को आसपास तलाश करने भेजा गया, लेकिन महिलाओं का कोई सुराग नहीं मिला।

घटना के बाद दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें महिलाएं दुकान में आती और संदिग्ध गतिविधियां करती दिखाई दे रही हैं। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस अधिकारी के अनुसार, मड़ोताल थाना क्षेत्र में चुंगी नाका के पास स्थित ज्वेलर्स की दुकान में यह वारदात हुई है। कुछ महिलाएं दुकान पर आई थीं और सोने के जेवर चोरी कर ले गईं। पुलिस को कुछ फुटेज मिले हैं, जिनके आधार पर महिलाओं की पहचान और तलाश की जा रही है।

पीड़ित दुकानदार इंद्रपाल सोनी ने अन्य सराफा व्यापारियों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान ग्राहकों की भीड़ में अपने कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतें। दुकान में एक कर्मचारी की जिम्मेदारी केवल डिस्प्ले और जेवरों पर नजर रखने की होनी चाहिए। उनका कहना है कि धनतेरस पर बिक्री की भागदौड़ में सुरक्षा को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here