ट्रैक्टर जबरन पकड़ने के विवाद में हत्या के प्रयास का मामला: नूराबाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, भेजा जेल

मुरैना। नूराबाद थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, फरियादी जनक सिंह उर्फ बंटी निवासी छोटी दौरावली ने थाना नूराबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 नवंबर 2026 को सुबह करीब 4:45 बजे वह अपने खेत पर ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। इसी दौरान आरोपीगण मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर पकड़ने की बात कहते हुए उसके साथ गाली-गलौज करने लगे।आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा कि तुमने हमारा ट्रैक्टर पकड़वा दिया है, इसके बदले तुम्हें दो लाख रुपये देने होंगे। इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फरियादी पर फायरिंग कर दी। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 204/26, धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नूराबाद के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों आरोपियों को रेशमपुरा मोड़ के पास समाधि रोड से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here