विकास के दावों की खुली पोल, मरीज को खाट पर लिटाकर नाला पार कराने को मजबूर ग्रामीण

सिंगरौली। जिले में विकास के दावे भले ही किए जा रहे हों, लेकिन जमीनी हकीकत आज भी कई गांवों में बदहाल तस्वीर बयां कर रही है। कहीं सड़क नहीं है तो कहीं नदी-नालों पर पुलिया तक नहीं बनी है। हालात ऐसे हैं कि गांव में किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ जाए तो उसे अस्पताल पहुंचाना भी परिजनों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसा ही एक मामला धौहनी विधानसभा क्षेत्र के सरई तहसील अंतर्गत जनपद पंचायत देवसर की ग्राम पंचायत नया टोला के बेलवानी गांव से सामने आया है। यहां पुलिया नहीं होने के कारण परिजन एक बीमार व्यक्ति को खाट पर लिटाकर नाला पार कराने को मजबूर हुए। इस दौरान ग्रामीण खाट को कंधों पर संभालकर पानी के बीच से दूसरी ओर पहुंचे। इसके बाद मरीज को करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल ले जाकर सड़क तक पहुंचाया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रही तस्वीर ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। आखिर विकास की योजनाओं का लाभ इन दूरस्थ गांवों तक कब पहुंचेगा और ग्रामीणों की इस परेशानी का जिम्मेदार कौन है?जानकारी के अनुसार बेलवानी गांव के एक बैगा परिवार के एक व्यक्ति की पिछले कुछ दिनों से तबीयत खराब थी। शनिवार को उनकी हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने का निर्णय लिया। लेकिन गांव से बाहर निकलने के रास्ते में नाला पड़ता है और वहां आवागमन के लिए पुलिया नहीं बनी है। ऐसे में परिजनों के सामने मरीज को बाहर निकालने की चुनौती खड़ी हो गई। मजबूरी में खाट पर लिटाया गया और ग्रामीणों की मदद से नाला पार कराया गया। आशीष बैगा, बिरजू बैगा, बुंदेला बैगा और गोरेलाल सिंह ने खाट को संभालकर पानी के बीच से दूसरी ओर पहुंचाया। इसके बाद मरीज को करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल ले जाकर सड़क तक पहुंचाया गया, जहां से परिजन उन्हें उपचार के लिए सीधी की ओर लेकर रवाना हुए। ग्रामीण बिरजू बैगा के मुताबिक गांव में करीब एक सैकड़ा लोगों की आबादी निवास करती है। पुलिया और सड़क की सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी तब होती है, जब गांव में कोई बीमार पड़ जाता है या किसी आपात स्थिति में मरीज को अस्पताल पहुंचाना होता है। बारिश के दिनों में नाले में पानी बढ़ने से आवागमन और भी खतरनाक हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शासन-प्रशासन से पुलिया निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका।सरपंच-सचिव पर गांव की अनदेखी का आरोपग्रामीणों ने पंचायत के सरपंच और सचिव पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और पंचायत कर्मचारी गांव की समस्याओं को जानने तक नहीं पहुंचते। ग्रामीणों की मानें तो उनकी आवाज आज तक कलेक्टर तक पहुंची ही नहीं या फिर शिकायतों पर सुनवाई नहीं हुई। सवाल यह है कि जब गांव में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है तो पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की निगरानी कौन कर रहा है? ग्रामीणों को आखिर अपनी समस्या बताने के लिए किस दरवाजे पर दस्तक देनी होगी?विकास के दावों के बीच खड़ा बड़ा सवालबेलवानी की यह तस्वीर केवल एक गांव की समस्या नहीं, बल्कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर सवाल है। सरकार गांव-गांव तक सड़क, स्वास्थ्य और आवागमन की सुविधाएं पहुंचाने का दावा करती है, लेकिन यहां मरीज को अस्पताल पहुंचाने के लिए खाट को ही एंबुलेंस बनाना पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने प्रशासनिक व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस मामले को संज्ञान में लेकर गांव का निरीक्षण करता है या फिर बेलवानी के ग्रामीण इसी तरह हर बरसात और आपात स्थिति में जान जोखिम में डालकर नाला पार करने को मजबूर रहेंगे।इनका कहना हैवीडियो सही है नया टोला वेलवानी में परेशानी है डीएमएफ में जुड़ गया है। अभी मंजूर नहीं हुआ है । 25 लाख से ऊपर का बजट लगेगा। जो पंचायत स्तर से संभव नहीं है। विधायक पत्र लिखे हैं फंड मिलेगा तो कार्य कराया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here