मुरैना। जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 45 वर्षीय शिक्षक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। शिक्षक मुरैना से शासकीय प्राथमिक विद्यालय कुसमानी में ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी रास्ते में बुडहरा स्थित माता मंदिर के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।जानकारी के अनुसार, शिक्षक श्री बृजेश नरवरे (45 वर्ष) सुबह करीब 9:30 बजे बाइक से विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान शिवपुरी की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक RJ 11 GC 2131 ने उनकी बाइक को टक्कर मारते हुए बुरी तरह रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई।बताया जा रहा है कि घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भागने लगा, लेकिन करीब 4-5 किलोमीटर दूर मोड़ पर पहाड़गढ़ की ओर से आ रहे दूसरे ट्रक क्रमांक MP 07 HB 5202 से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक पलट गया।शिक्षक बृजेश नरवरे के असामयिक निधन की खबर से परिवार में मातम छा गया, वहीं शिक्षा विभाग में भी शोक की लहर दौड़ गई। एक शिक्षक का इस तरह सड़क हादसे में दुनिया से चले जाना बेहद दुखद है।


