शाजापुर।* शहर में शनिवार को एक पागल आवारा कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। कुत्ते ने शहर के अलग-अलग इलाकों में घूम-घूम कर 10 से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं। एक साथ इतने लोगों पर हमले के बाद ज्योति नगर, लक्ष्मी नगर और बस स्टैंड क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह से ही एक आवारा कुत्ता शहर में घूम रहा था। कुत्ते ने ज्योति नगर, लक्ष्मी नगर और बस स्टैंड के आसपास राह चलते लोगों पर अचानक हमला करना शुरू कर दिया। कई लोग तो कुछ समझ पाते उससे पहले ही कुत्ते का शिकार बन गए घटना के बाद लोगों में भय का माहौल बन गया। लोग घरों से निकलने में भी कतरा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुत्ता काफी आक्रामक था और जिसको देख रहा था उस पर झपट रहा था। कुत्ते के हमले में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जिला अस्पताल में सुबह से ही कुत्ते के काटने से घायल मरीजों की कतार लग गई। जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. अरुण पाटीदार ने बताया कि सुबह से अब तक कुत्ते के काटने के 10 से अधिक मरीज अस्पताल में आ चुके हैं। सभी का प्राथमिक उपचार कर एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई है। कुछ गंभीर घायलों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। घटना के बाद पीड़ितों और स्थानीय नागरिकों ने नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि शहर में आवारा कुत्तों की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन नगरपालिका द्वारा कुत्तों को पकड़ने के लिए कोई ठोस अभियान नहीं चलाया जा रहा है नागरिकों का कहना है कि अगर समय रहते नगरपालिका सतर्क हो जाती तो आज 10 से ज्यादा लोगों को घायल होने से बचाया जा सकता था। लोगों ने मांग की है कि नगरपालिका जल्द से जल्द शहर में घूम रहे आवारा और पागल कुत्तों को पकड़ने का अभियान चलाए और शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करे।


