छतरपुर: बसों में अवैध रूप से माल ढुलाई और ओवरलोडिंग की शिकायतों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। ट्रक एसोसिएशन द्वारा प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शिकायत की गई थी कि यात्री बसों में ट्रकों की तरह बड़ी मात्रा में माल का अवैध परिवहन किया जा रहा है, जिससे ट्रक व्यवसायियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने बस संचालकों की बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। साथ ही कलेक्टर के निर्देश पर विशेष जांच दल का गठन किया जाएगा, जो यात्री बसों की जांच करेगा। जांच के दौरान यदि किसी बस में नियमों के विरुद्ध माल ढुलाई या अन्य अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित बस संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे ओवरलोड और क्षमता से अधिक भरी हुई बसों में सफर करने से बचें। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। यदि कहीं भी बसों में अवैध माल ढुलाई या ओवरलोडिंग की जानकारी मिलती है, तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


