रीवा के बिछिया थाना क्षेत्र से एक दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां ट्यूशन के बाद दोस्तों के साथ घूमने और फोटो खिंचाने गए दो सगे जुड़वा भाई नहर के तेज बहाव में बह गए। सिलपरा नहर में हुए इस हादसे के बाद से, इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी लगने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, और तलाश की, लेकिन रात हो जाने की वजह से उनका कुछ पता नहीं चला।
जानकारी के मुताबिक शाम करीब 5 बजे पुलिस को डायल 112 के जरिए सूचना मिली कि, सिलपरा नहर में दो युवक डूब गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया कि पांच दोस्त ट्यूशन पढ़ने के बाद, सिलपरा नहर के किनारे घूमने और फोटो खिंचवाने आए थे। इसी दौरान अंशु सेन नाम के युवक ने अपने एक दोस्त का पैंट नहर में फेंक दिया, जिसके बाद वह खुद पानी में गिर गया। अंशु को डूबता देख उसका जुड़वा भाई प्रांशु और एक अन्य दोस्त उसे बचाने के लिए नहर में कूद पड़े।
इस दौरान उनका एक दोस्त तो किसी तरह बचकर बाहर निकल आया, लेकिन नहर में पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण दोनों जुड़वा भाई, अंशु और प्रांशु, पानी में बह गए। लापता हुए दोनों भाइयों की उम्र 17 साल बताई जा रही है। वे मूल रूप से ग्राम ओड़िकी के रहने वाले हैं और वर्तमान में पीटीएस चौक के पास निवास करते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन रात का अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन को रोकना पड़ा। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, और अब सुबह से एसडीआरएफ की टीम द्वारा नहर में दोनों भाइयों की तलाश के लिए फिर से सघन सर्च अभियान चलाया जाएगा।


