शाजापुर जिले के सलसलाई थाना क्षेत्र के ग्राम मदाना में राजगढ़ जिले के रेवागंज गांव की एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (विहिप), बजरंग दल और करणी सेना परिवार के कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो युवकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है सलसलाई थाना प्रभारी जनक सिंह रावत ने बताया कि नाबालिग से छेड़छाड़ की शिकायत प्राप्त हुई थी। इस आधार पर राजगढ़ जिले के रेवागंज निवासी अनस और साजिद के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर विहिप एवं बजरंग दल के जिला गोरक्षा प्रमुख महेंद्र सिंह रघुवंशी ने आरोप लगाया कि नाबालिग को कथित रूप से प्रेमजाल में फंसाने का प्रयास किया जा रहा था। जानकारी मिलने पर कार्यकर्ताओं ने लड़की से पूछताछ कर उसके परिजनों को सूचित किया और उसे सुरक्षित परिवार के सुपुर्द किया। वहीं, करणी सेना परिवार के जिला मंत्री भगवान सिंह राजपूत ने कहा कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर शुरुआती स्तर पर ही सख्ती से रोक लगाना आवश्यक है। संगठनों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।


