छतरपुर। 121 कुंडी रुद्र महायज्ञ से पहले छतरपुर में साधु-संतों ने बाबा रामदेव और पतंजलि के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर की गई कथित टिप्पणी और पतंजलि के देसी गाय के घी की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए संतों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बाबा रामदेव का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की गई।प्रदर्शन के दौरान भानु कुमार तिवारी सहित अन्य साधु-संतों ने आरोप लगाया कि बाबा रामदेव के सनातन और धीरेंद्र शास्त्री को लेकर दिए गए बयानों में विरोधाभास है। वहीं पतंजलि के घी के पैकेट की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उसकी जांच कराने और संबंधित कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।साधु-संतों ने दंडवत होकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर डिप्टी कलेक्टर कौशल सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि सनातन धर्म और संत समाज के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर उनका विरोध जारी रहेगा।


