सिंगरौली। नवानगर क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। आज रविवार की शाम आईसर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एनसीएल कर्मचारी जितेंद्र कुशवाहा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर आवागमन रोक दिया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार आज रविवार की शाम करीब चार बजे नवानगर थाना क्षेत्र में जितेंद्र कुशवाहा अपने दोपहिया वाहन से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे आईसर ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जितेंद्र को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। एनसीएल कर्मचारी की मौत से नाराज लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हो गया। स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिला। इधर सूचना पर नवानगर थाना प्रभारी राजेश पाठक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मौके पर मौजूद पुलिस बल लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहा है। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों से बढ़ते सड़क हादसों और यातायात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


