मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र स्थित देवलहा जलप्रपात के पास, 17 नवंबर को हुई युवती की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शुरुआत में जिसे महज एक हादसा माना जा रहा था, वह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और घायल युवक के बयानों के बाद खौफनाक वारदात निकली। आरोपियों ने चाकू दिखाकर 10 हजार रुपए मांगे थे, और रुपए न देने पर युवक-युवती को पहाड़ी की गहरी खाई में धक्का दे दिया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी लकी खान और उसके तीन साथियों के खिलाफ, हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
17 नवंबर को अष्टभुजी मंदिर के पीछे देवलहा जलप्रपात के समीप समदा नाला जंगल में, शाहपुर निवासी 19 वर्षीय शालिनी साकेत का शव मिला था, जबकि देवगना निवासी 24 वर्षीय विकास साकेत गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था। पुलिस ने घायल विकास को अस्पताल में भर्ती कराया और शालिनी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रीवा भेजा। पीएम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने ऊंचाई से गिरने के कारण आई गंभीर चोटों से मौत की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने जब घायल विकास के बयान दर्ज किए, तो पूरी साजिश बेनकाब हो गई। पुलिस की जांच में सामने आया कि, घटना वाले दिन शालिनी अपने जीजा के छोटे भाई विकास के साथ बाइक से महाकाल मंदिर घूमने गई थी।
इसी दौरान सुबह करीब साढ़े 11 बजे, मुख्य आरोपी लकी खान अपने तीन साथियों के साथ दो बाइकों से वहां पहुंचा। आरोप है कि चारों ने चाकू दिखाकर युवक-युवती को धमकाया, और उनसे 10 हजार रुपए की मांग की। जब दोनों ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी उन्हें चाकू की नोक पर सुनसान जंगल की ओर ले गए, और जान से मारने की नीयत से पहाड़ी की गहरी खाई में धक्का दे दिया। इस हमले में शालिनी की ऊंचाई से गिरने के कारण मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि विकास गंभीर रूप से घायल हो गया था। मामले में नईगढ़ी पुलिस ने मुख्य आरोपी लकी खान और उसके तीन फरार साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 109(1) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है। एसडीओपी मऊगंज सचि पाठक के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। फिलहाल चारों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।


