- रोज के केसों की कॉज लिस्ट की जांच करने के दौरान देर शाम की गई हैक
- करीब 15 मिनट बाद हैकर्स ने खुद छोड़ा, अध्यक्ष ने दर्ज कराई एफआईआर
Dainik Bhaskar
Mar 04, 2020, 11:00 AM IST
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में बिलासपुर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की वेबसाइट को पाकिस्तानी आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिदीन ने हैक कर लिया। जिस दौरान यह घटना हुई उस समय रोज के केसों की कॉज लिस्ट की जांच की जा रही थी। तभी अचानक वेबसाइट पर मैसेज आना शुरू हो गया। इसको लेकर बार एसोसिएशन अध्यक्ष सीके केशरवानी की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बार एसोसिएशन के सचिव राकेश पांडेय ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 7.30 बजे बार की वेबसाइट http//hcgacg.com को आतंकी संगठन ने हैक कर लिया था। जिस समय यह घटना हुई वे रोज के अपलोड होने वाले केसों की कॉज लिस्ट को चेक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक से मैसेज आना शुरू हो गया। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी अन्य पदाधिकारियों को दी।
करीब 15 मिनट बाद वेबसाइट ठीक हो गई थी। इस दौरान एसोसिएशन ने वेबसाइट को रिस्टोर करने की लगातार कोशिश की। कुछ देर के बाद हैकर्स ने वेबसाइट को छोड़ दिया। फिलहाल सभी डेटा खंगाले जा रहे हैं कि कहीं, हैकिंग के बाद कुछ जरूरी चीजों में बदलाव तो नहीं किया गया है। वहीं एहतियात के लिए साइबर सिक्योरिटी से संबंधित उपाय किए जा रहे हैं।
Source link

