- कोरोना को हराना है, सूची में शामिल 55 लोग बताए पते पर मिले, 11 के सैंपल टेस्ट के लिए भेजे
- होम क्वारेंटाइन की संख्या 1763, चिरायु की 10 टीम घर-घर जाकर कर रहीं जांच
दैनिक भास्कर
Apr 03, 2020, 05:02 PM IST
धमतरी . 1 से 20 मार्च तक जिले के 68 लोग ऐसे हैं, जो विदेश से घूमकर आए हैं। राज्य सरकार ने इनकी सूची जिला प्रशासन को भेजी है। इन्हें ढूंढा जा रहा है। इनमें से 55 लोग तो मिल गए हैं। 13 लोग ऐसे है, जिनका पता नहीं चल रहा है। इनकी सूची राज्य स्वास्थ्य संचालनालय से भेजी गई है। गुरुवार को 55 में से 11 व्यक्तियों के सैंपल टेस्ट के लिए रायपुर एम्स भेजे हैं। जिले में 10 चिरायु टीम काम कर रहीं है। इसमें आयुष चिकित्सक, फार्मासिस्ट, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और लैब टेक्नीशियन शामिल हैं। घर-घर जाकर स्वास्थ्य जांच कर रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 49 लोगों के सैंपल जांच के लिए रायपुर एम्स भेजे हैं। इनमें से 14 लोगों का ही रिपोर्ट आई है। सभी निगेटिव हैं। बुधवार को 24 और गुरुवार को 11 सैंपल लेकर जांच के लिए भेजी है। इन सभी की रिपोर्ट नहीं आई है।
सऊदी, लंदन और रूस तक से लौटे लोग
सीएमएचओ डॉ. डीके तुर्रे ने बताया कि जिले में कुल 68 लोग ऐसे हैं, जो सऊदी अरब, लंदन, दुबई, थाईलैंड, रूस, अफ्रीका, बैंकॉक, इंडोनेशिया, सिंगापुर, मलेशिया, अजरबैजान से लौटे हैं। इनमें से 1 मार्च के बाद लौट 68 में से 55 लोगों की जानकारी मिल गई है। 13 लोग नहीं मिल रहे हैं। इसकी जानकारी राज्य स्वास्थ्य संचालनालय को भेजी गई है।
दूसरे राज्यों से आए लोगों की संख्या 1763
दूसरे राज्यों से वापस आए लोगों के आंकड़े रोज बदल रहे हैं। 1 अप्रैल की स्थिति में दूसरे राज्यों से आए लोगों की संख्या बढ़कर 1763 तक हो चुकी है। इससे पहले यह आंकड़ा 1750 के लगभग था। जिले में क्वारेंटाइन सेंटर, कोरोना कंट्रोल रूम एवं मैदानी स्तर पर होम आइसोलेशन का काम चिरायु टीम कर रही है। दूसरे राज्यों से आए लोगों की स्क्रीनिंग व निगरानी चिरायु टीम की सदस्य कर रही हैं। क्वारेंटाइन सेंटर कुकरेल स्थित पथरीडीह, केरेगांव, कुरूद में पंचायत प्रशिक्षण केंद्र में तीनों पाली में 10 टीम ड्यूटी कर रही हैं।
कलेक्टर ने देखा कुरूद का आइसोलेशन वार्ड
कुरूद के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का कलेक्टर रजत बंसल ने निरीक्षण किया। सिविल लाइन में स्थापित आइसोलेशन सेंटर का निरीक्षण किया। उपलब्ध जरूरी उपकरणों, अस्पताल में मास्क, ग्लव्स, हैंड सैनिटाइजर के स्टाॅक की जानकारी ली। बीएमओ को कोरोना वायरस के लक्षण वाले मरीजों की विशेष जांच व निगरानी रखने कहा। आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटीरत डाॅक्टरों, स्टाफ को बेहतर ढंग से काम करने प्रोत्साहित किया। कुरूद के पंचायत प्रशिक्षण केन्द्र में बनाए गए क्वारेंटाइन सेंटर में भी आवश्यक सुविधाओं को जांचने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के निर्देश दिए।
सीएमएचओ से दुर्व्यवहार करने पर भाजपा नेता सहित 2 पर केस
शहर के भाजपा नेता देशांत लोढ़ा के खिलाफ कोतवाली में धारा 188 के तहत केस दर्ज हुआ है। इन पर आरोप है कि सीएमएचओ डॉ. डीके तुर्रे से क्वारेंटाइन में रखे गए अपने परिजन को छोड़ने के लिए अपशब्द कहे। इसी तरह होम आइसोलेशन में रखे लालबगीचा निवासी ज्वाला शंकर सोनकर ने घर से बाहर निकल कर नियमों का उल्लंघन किया। इसके खिलाफ धारा 269 के तहत एफआईआर हुई है।
Source link


