Raipur News In Hindi : Jagdalpur sent samples of 40 foreign travelers, 17 negative so far | 40 विदेश यात्रियों के सैंपल भेजे जगदलपुर, अब तक 17 निगेटिव

  • कोरोना का असर, कांकेर में विदेश से आए लोगों पर जिला प्रशासन की नजर
  • स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों के घर पहुंचकर जांच के सैंपल एकत्रित किए

दैनिक भास्कर

Apr 04, 2020, 04:57 PM IST

कांकेर. कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए जिले में कड़े कदम उठाते विदेश यात्रा करने वालों में कोरोना की जांच अनिवार्य की गई है। एक मार्च के बाद से अब तक विदेश यात्रा करने वाले 40 की पहचान हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इनके घरों तक पहुंचकर जांच के लिए सैंपल एकत्रित किए। सभी 40 सैंपल जगदलपुर मेडिकल काॅलेज भेजे जा चुके हैं। इनमें से देर शाम तक 17 की रिपोर्ट निगेटिव आ गई थी।
तीन दिन पहले मंगलवार को आयोजित कोरोना नियंत्रण के लिए गठित जिला स्तरीय कोर कमेटी की बैठक में बताया गया था कि एक मार्च के बाद से लेकर अब तक विदेश यात्रा कर लौटने वालों की संख्या कांकेर जिले में 36 है। स्वास्थ्य विभाग और भी विदेश यात्रा करने वालों की पड़ताल कर रही थी। 

विभाग को इस अवधि में विदेश यात्रा करने वाले चार और की जानकारी मिली। जिले में एक मार्च से लेकर अब तक विदेश यात्रा कर लौटने वालों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है। इनमें सबसे अधिक 23 कांकेर विकासखंड के हैं। 10 लोग कोयलीबेड़ा विकासखंड, भानुप्रतापपुर के 4 तथा अंतागढ़, नरहरपुर एवं चारामा के एक-एक व्यक्ति हैं। छत्तीसगढ़ में जितने भी कोरोना संक्रमित मिले हैं वे सभी विदेश यात्रा कर लौटने वाले ही हैं। यही कारण है कि जिले में जितने भी विदेश यात्रा कर लौटने वाले हैं उनका कोरोना जांच कराने का निर्णय लिया गया है।

जानिए… कैसे होती है कोरोना जांच 
एमडी मेडिसिन डाॅ. राजीव जायसवाल ने बताया कोरोना की जांच में गले से थ्रोट स्वाब तथा नाक से नेसेल स्वाब लिया जाता है, क्योंकि कोरोना के वायरस यहीं पाए जाते हैं। स्वाब के सैंपल को वीटीएम बाक्स यानी वायरस ट्रांसफ्यूजल मेडिसिन में रखा जाता है। इसे जांच के लिए भेजा जाता है। 

आमापारा का युवक कर रहा था विरोध

शहर के आमापारा का एक युवक विदेश यात्रा कर लौटा है। उसका सैंपल लेने जब जांच टीम पहुंची तो वह टीम पर भड़क गया। कहने लगा बार-बार क्यों परेशान करने आ रहे हो? टीम ने जांच की गंभीरता बताते समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मान रहा था। टीम ने एफआईआर कराने की चेतावनी दी, जिसके बाद परिजनों के समझाने पर वह टीम को सहयोग करने लगा।

2252 लोग होम आइसोलेशन में
विदेश यात्रा करने वालों का तो कोरोना जांच किया जा रहा है। वहीं एक मार्च के बाद से जिले में जो भी दूसरे प्रदेश या प्रदेश के दूसरे जिलों से आया है सभी को होम आइसोलेशन में रखने का निर्णय लिया गया है। अभी तक की स्थिति में जिले में 2252 लोगों को होम आइसोलेशन में भेजा जा चुका है। 

कल तक आ जाएगी जांच रिपोर्ट
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. जेएल उइके ने कहा 14 सैंपल बुधवार तथा शेष 26 सैंपल गुरूवार को जांच के लिए जगदलपुर भेजे गए हंै। 17 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बाकी रिपोर्ट रविवार तक आएगी।

जानकारी छिपाने पर होगी एफआईआर
कलेक्टर केएल चौहान ने कहा विदेश यात्रा से लौटने वाले कोरोना जांच कराने पहुंची टीम को पूरा सहयोग करें। अगर किसी ने विदेश यात्रा से आने के बाद जानकारी छिपाई हो तो तत्काल सूचना दें। किसी ने जानकारी छिपाई तो एफआईआर दर्ज की जाएगी।

जानिए, 40 लोग कौन से देश गए थे 

देश संख्या
बंगलादेश   9
थाईलैंड   7
यूएई    6
रूस     4
नेपाल  4
मलेशिया  4
किर्गिस्तान    3
कजाकिस्तान   2
इंडोनेशिया   1
कुल    40

जानिए, कितने होम आइसोलेशन में

विकासखंड संख्या
कोयलीबेड़ा  811
कांकेर   314
चारामा   282
अंतागढ़    265
भानुप्रतापपुर  251
नरहरपुर  213
दुर्गूकोंदल  112
अन्य राज्य    4
कुल 2252

जिले के विदेशी यात्रियों की संख्या

विकासखंड संख्या
कांकेर     23
कोयलीबेड़ा    10
भानुप्रतापपुर    4
चारामा    1
अंतागढ़    1
नरहरपुर     1
कुल     40

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here