- अमेरिका में कोरोना वायरस का कहर जारी
- संकट के बीच व्हाइट हाउस ने बनाई कमेटी
अमेरिका इस वक्त कोरोना वायरस जैसी महामारी के सबसे बड़े संकट से जूझ रहा है. सबसे शक्तिशाली देश के 6 लाख से अधिक लोग इस वायरस की चपेट में हैं और 30 हजार से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. अब व्हाइट हाउस के द्वारा एक कमेटी का गठन किया गया है, जो कि इस संकट से उबरने में मदद करेगी. इस कमेटी में भारतीय मूल के अमेरिकी कांग्रेसमैन रो खन्ना भी शामिल हैं.
डेमोक्रेट पार्टी के कांग्रेसमैन रो खन्ना को व्हाइट हाउस ने अपनी रणनीति वाली टीम में शामिल किया है. कोरोना वायरस संकट से निपटने के लिए ट्रंप प्रशासन ने एक कमेटी का गठन किया है, जिसमें रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स दोनों ही पार्टियों के सदस्य हैं.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
गुरुवार को इस कमेटी की पहली बैठक कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए हुई. इस टीम का मकसद कोरोना संकट की वजह से लोगों को जिस तरह की परेशानी हो रही है, उन्हें मदद पहुंचाना है. साथ ही देश में हर राज्य में लगातार मेडिकल सप्लाई होती रहे, उसका रिव्यू करना है.
रो खन्ना की ओर से इस बैठक में टेक्नोलॉजी, दवाइयों की मैन्यूफैक्चरिंग में बड़ा निवेश करने के सुझाव दिए गए. इसके अलावा मेडिकल से जुड़े सामान को भी अमेरिका में बनाने की बात कही. गौरतलब है कि अमेरिका अपना मेडिकल का अधिकतर सामान चीन, जर्मनी जैसे देशों से ही मंगवाता है.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…
रो खन्ना, कैलिफोर्निया राज्य से आते हैं और इकॉनोमी की दुनिया में अमेरिका में जाने माने नाम हैं. बीते दिनों अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अर्थव्यवस्था को दोबारा खड़ा करने के लिए 200 बिजनेसमैन की टीम का गठन किया था, जिसमें 6 से अधिक भारतीय भी शामिल हैं.
आपको बता दें कि अमेरिका इस वक्त कोरोना वायरस की वजह से बड़े संकट का मुकाबला कर रहा है. यहां 6 लाख से अधिक लोग इस वायरस की चपेट में हैं, 30 हजार से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. जबकि 90 फीसदी आबादी घरों में कैद है.

