वॉशिंगटन: पूरा अमेरिका कोरोना वायरस (Coronavirus) से बुरी तरह प्रभावित हुआ है और डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) नबंर में होने वाले राष्ट्रपति चुनावों (Presidential Election) के लिए जोर-शोर से कैंपेनिंग कर रहे हैं. ट्रंप के कैंपेन की वेबसाइट के मुताबिक- ट्रंप समर्थक, जो अमेरिका के आगामी राष्ट्रपति चुनावी रैली में भाग लेते हैं, उन्हें वादा करते हुए हस्ताक्षर करने होंगे कि अगर आयोजन के चलते उन्हें कोविड-19 हो जाता है तो वो मुकदमा नहीं करेंगे.
रैली में शामिल होने वाले लोगों से रैली में जाने के लिए पंजीकरण कराने के लिए कहा जाता है, उन्हें एक ऐसे डिस्क्लेमर से सहमत होना होता है जिसमें कहा गया है कि – वो स्वीकार करते हैं कि COVID-19 के संपर्क में आने का खतरा हर उस सार्वजनिक स्थान पर है जहां लोग मौजूद हैं.’
डिस्क्लेमर में ये भी लिखा है कि- ‘रैली में भाग लेने से, आप और कोई भी मेहमान स्वेच्छा से कोविड-19 के खतरे को स्वीकार करते हैं, और किसी भी बीमारी या चोट के लिए डोनाल्ड ट्रंप, BOK केंद्र, ASM ग्लोबल, या उनके कोई भी सहयोगी, निदेशक, अधिकारी, कर्मचारी, एजेंट, ठेकेदार या स्वयंसेवक उत्तरदायी नहीं होंगे.’
रैली बैंक ऑफ ओक्लाहोमा सेंटर में आयोजित की जा रही है और शहर कोरोनो वायरस महामारी के चलते लॉकडाउन खोलने के तीसरे चरण में है. बुधवार, 10 जून को डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की थी कि वह 4 राज्यों- ओक्लाहोमा, फ्लोरिडा, एरिज़ोना और उत्तरी कैरोलिना में अपनी कैंपेन रैली शुरू करेंगे, जबकि अमेरिका भर में कोरोना वायरस महामारी जारी है.
बता दें कि कोरोना वायरस के कारण अमेरिका में अब तक 113,000 से अधिक लोगों की मौत हो गई है. जबकि कोरोना के 20 लाख से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं. फ्लोरिडा, एरिज़ोना और उत्तरी कैरोलिना में, वयरस के संक्रमण के आंकड़े एक बार फिर से बढ़ने लगे हैं.

