- महाराष्ट्र में बढ़ रहे कोरोना मरीज
- महाराष्ट्र में एक लाख से ज्यादा केस
देश में महाराष्ट्र कोरोना वायरस के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है. महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के संक्रमित मरीजों का आंकड़ा एक लाख के पार हो चुका है. इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस के बीच एक अहम बैठक हुई है.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस के बीच हुई इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है. हालांकि इस बैठक के बाद सीएम ठाकरे बिना किसी प्रतिक्रिया के चले गए.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…
वहीं बैठक के बाद फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र और साथ ही साथ मुंबई में कोरोना वायरस की पर्याप्त जांच नहीं की जा रही है. 38 हजार टेस्टिंग की क्षमता के बाद भी महाराष्ट्र 14 हजार के आसपास टेस्टिंग कर रहा है. मुंबई में भी ऐसा ही किया जा रहा है. अगर टेस्ट कम किए जाएंगे तो मामले भी कम सामने आएंगे.
महाराष्ट्र में टेस्टिंग की कीमतों पर कमी को लेकर फडणवीस ने कहा कि यह केंद्र की हिदायत है. आईसीएमआर की सलाह के बाद टेस्टिंग की कीमतें कम की गई. महाराष्ट्र में टेस्टिंग की कीमत कई अन्य राज्यों की तुलना में अधिक थी. साथ ही फडणवीस ने कहा कि सरकार चक्रवात निसर्ग के बाद कोकण क्षेत्र में जमीनी हकीकत से वाकिफ नहीं है. घोषित मुआवजा भी पर्याप्त नहीं है.
महाराष्ट्र में कितने कोरोना मरीज?
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है. अब महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के संक्रमित मरीजों का आंकड़ा एक लाख के पार हो चुका है. राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 101141 हो चुकी है. इसके साथ ही महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से मरने वालों लोगों की संख्या में भी इजाफा देखने को मिला है. महाराष्ट्र में हर रोज कोरोना वायरस के कारण मरने वाले नए मामले दर्ज किए जा रहे हैं. राज्य में अब तक कोरोना वायरस के कारण 3717 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.
मुंबई में मौतों का आंकड़ा 2 हजार पार
वहीं मुंबई में भी कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है. मुंबई में 50 हजार से ज्यादा कोरोना वायरस के केस सामने आ चुके हैं. मुंबई में 55451 लोगों में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया जा चुका है. वहीं मुंबई में कोरोना वायरस के कारण 2044 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.

