
Coronavirus News India Updates: प्रतीकात्मक तस्वीर
Coronavirus Cases in India Updates: दुनिया के तमाम देशों के साथ-साथ भारत में भी कोरोना वायरस (COVID-19) का कहर तेजी से बढ़ता जा रहा है. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में इस वायरस से संक्रमितों की संख्या 3,20,922 हो गई है. रविवार की सुबह समाप्त हुए 24 घंटों में कोरोना के 11,929 नए मामले सामने आए और 311 लोगों की मौत हुई. देश में अब तक 9,195 लोगों की मौत हो चुकी है, हालांकि 1,62,379 मरीज इस बीमारी को मात देने में सफल हुए हैं. रिकवरी रेट में मामूली बढ़ोतरी के साथ यह दर 50.59 प्रतिशत पर पहुंच गई है. देश के सभी राज्यों से कोरोना मरीज सामने आ रहे हैं. कई राज्य ऐसे भी हैं, जो इस महामारी से मुक्त हो चुके थे लेकिन प्रवासियों के राज्य में दाखिल होने से वह फिर से इस संक्रमण की जद में आ गए. भारत के अलावा दुनिया के अनेक देशों में कोरोनावायरस अपना कहर बरसा रहा है. विश्व के 180 से ज्यादा देशों में कोरोना फैल चुका है और इससे अब तक 4.25 लाख से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं. दुनियाभर में 77 लाख से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं. यह आंकड़ा हर रोज बढ़ रहा है. इस बीच देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 40 हजार के पार पहुंच गया है और अब तक 1300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. दिल्ली में रविवार को समाप्त 24 घंटे में कोरोना के 2224 नए मामले दर्ज किए गए हैं और यह आंकड़ा 41182 तक पहुंच गया है. इस दौरान 878 मरीज ठीक हुए हैं वहीं, अब तक कुल 15823 मरीज ठीक हो चुके हैं. बीते एक दिन में 56 मरीजों की मौत हुई और यह आंकड़ा बढ़कर कुल 1327 हो गया है. दिल्ली में एक्टिव मरीजों की संख्या 24,032 है.
Source link

