
नई दिल्ली:
दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक बार फिर से बढ़ते हुए देखने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया है कि दिल्ली में रोजाना टेस्टों की संख्या को दोगुना किया जाएगा. डिजिटल माध्यम से प्रेस कांफ्रेंस करते हुए उन्होंने कहा कि अभी रोजाना 20 हज़ार टेस्ट हो रहे हैं, अगले एक हफ्ते में 40 हज़ार किए जाएंगे. प्रेस कांफ्रेस में दिल्ली में कोरोना की स्थिति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना के मामलों में थोड़ी बढ़ोतरी नज़र आ रही है. 17 अगस्त के बाद से नए मामले 1200 1400 के आसपास घूम रहे हैं. कल शाम की रिपोर्ट में 1544 नए मामले सामने आए हैं. आज शाम को जो रिपोर्ट जारी की जाएगी उसमें 1693 नए मामले आएंगे. उन्होंने कहा कि कोरोना की इंटेंसिटी बढ़ रही है ऐसा नज़र नहीं आ रहा
है, रिकवरी रेट 90 प्रतिशत से ऊपर चल रहा है. बकौल केजरीवाल, दिल्ली में डेथ रेट 1.4 है, जोकि देश में सबसे कम है.
यह भी पढ़ें
दिल्ली में बाहर से आ रहे मरीजों की संख्या बताते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के अस्पतालों में 2900 मरीज़ दिल्ली के हैं जबकि 800 मरीज़ बाहर के हैं. उन्होंने कहा कि स्थिति अभी भी नियंत्रण में है. सीएम के अनुसार दिल्ली में कुल 14,130 बेड्स हैं जिनमें से 10,448 खाली हैं. इसके अलावा एम्बुलेंस भी पर्याप्त हैं.
Source link

