मनीला (फिलिपीन): दक्षिणी फिलिपीन (South philippine) में बंदूकधारियों ने मोटरसाइकिल सवारों के एक समूह को रोका और उन्हे गोलियों से भून दिया, जिसमें नौ लोगों को मौत हो गई. उसके बाद दक्षिणी फिलीपींस में एक व्यस्त शहर में आग लगा दी. यह जानकारी रविवार को पुलिस ने दी. पुलिस अधिकारियों (Police officers) ने बताया कि, कोटाबाटो प्रांत (Cotabato Province) के कबाकान शहर में शनिवार की दोपहर जिन लोगों पर हमले किए गए उनमें अधिकतर किसान थे.
अधिकारियों का कहना है कि, स्थानीय संघर्ष के कारण यह घटना हुई होगी और यह आतंकवाद की घटना होने की संभावना नहीं है. कोटाबाटो गरीबी से ग्रस्त इलाका है, जहां दशकों से चल रहे मुस्लिम अलगाववाद में अब थोड़ी कमी आई है.
2014 में फिलिपीन के सबसे बड़े मुस्लिम बागी समूह और सरकार के बीच समझौते के बाद इसमें कमी आई है. हालांकि, इस्लामिक स्टेट समूह से जुड़े छोटे हथियारबंद समूह अब भी खतरा पैदा करते हैं.
अधिकारी ने बताया कि, मारे गए अधिकतर लोग एक-दूसरे को नहीं जानते थे और वे छह मोटरसाइकिल पर यात्रा कर रहे थे. पुलिस जांचकर्ता डेलिर पारकॉन ने कहा कि, सड़क के बीच में अपनी मोटरसाइकिल से उतरने के बाद, उन्हें कम से कम 39 बार राइफल और पिस्तौल से गोली मारी गई.
पुलिस रिपोर्ट में कहा गया है कि, आठ पीड़ित तत्काल मौके पर ही मौत की नींद सो गए और एक अन्य की अस्पताल में मौत हो गई. वहीं एक वैन में बंदूकधारी बैठकर भाग गए. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि, हमने गवाहों का साक्षात्कार लिया है और संभावित सुरक्षा कैमरा फुटेज की तलाश कर रहे हैं, जिससे हमलावरों की पहचान की जा सके.
(इनपुट: एजेंसी AP)


