वेलिंगटन: कोरोना के खिलाफ जंग में न्यूजीलैंड (New Zealand) ने जीत हासिल कर ली है. न्यूजीलैंड कोरोना वायरस (CoronaVirus) से अब पूरी तरह मुक्त हो गया है. सरकार ने बयान जारी कर बताया है कि वायरस का एक भी एक्टिव केस नहीं है. इस वजह से सभी प्रतिबंधों को हटा लिया गया है. न्यूजीलैंड अब सतर्कता के लेवल-1 में पहुंच गया है, जो देश के अलर्ट सिस्टम में सबसे निचला लेवल है.
न्यूजीलैंड (New Zealand) सरकार ने कहा है कि अब लोगों के आयोजनों में जुटने पर कोई रोक नहीं है. इसके अलावा, सोशल डिस्टेंसिंग जैसे उपायों की भी कोई जरूरत नहीं है. हालांकि ऐहतियात के तौर पर देश की सीमाएं अभी विदेशियों के लिए बंद रहेंगी. बता दें कि न्यूजीलैंड में पिछले दो सप्ताह से भी ज्यादा समय से कोरोना वायरस का कोई भी मामला सामने नहीं आया है.
ये भी पढ़ें – वैज्ञानिकों ने खोजा Covid-19 के जानलेवा होने का कारण, DNA डेटा से निकला नतीजा
‘अब पूरा Focus आर्थिक विकास पर’
प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न (Jacinda Ardern) ने कोरोना से जंग में अपनी जीत पर खुशी जाहिर की है. अर्डर्न ने संवाददाताओं को बताया कि जब उन्हें पता चला कि देश कोरोना वायरस से पूरी तरह से मुक्त हो चुका है, तब वह खुशी से नाच उठीं. प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हम एक सुरक्षित और मजबूत स्थिति में पहुंच गए हैं. हालांकि अभी कोरोना वायरस से पहले की स्थिति में लौटना आसान नहीं है, लेकिन अब पूरा फोकस स्वास्थ्य प्रणाली की बजाए आर्थिक विकास पर होगा’. उन्होंने आगे कहा कि अभी हमारा काम खत्म नहीं हुआ है, मगर इससे कोई इनकार नहीं कर सकता कि यह एक शानदार उपलब्धि है.
America में अच्छी नहीं है स्थिति
वहीं, दुनिया के अन्य हिस्सों में कोरोना का कहर जारी है. अमेरिका में स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है. संक्रमण के साथ-साथ उससे होने वाली मौतों में भी जबरदस्त इजाफा हुआ है. यहां अब तक 16,246,771 मामले और 299,493 मौतें दर्ज की गई हैं. वैश्विक स्तर पर प्रकोप की बात करें तो, जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार कोरोना वायरस मामलों की कुल संख्या 7.22 करोड़ से अधिक हो गई है, जबकि मौतें 16.1 लाख से अधिक हुई हैं. संक्रमण के मामलों के लिहाज से भारत 9,857,029 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि देश में मरने वालों की संख्या 143,019 है.

