कोरोना पॉजिटिव की बढ़ती संख्या को देखते हुए कलेक्टर रजत बंसल ने वार्ड को कंटेमेंट जोन बनाने का निर्देश दिया है. (कॉन्सेप्ट इमेज)
जगदलपुर (Jagdalpur) से खबर है कि यहां के रमैया वार्ड को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है. मेडिकल सेवा को छोड़कर सभी प्रतिष्ठानों को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं.
बता दें कि कुछ देर पहले खबर सामने आई थी कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरोना संक्रमण के प्रसार की रोकथाम के लिए स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार लॉकडाउन के संबंध में निर्णय लेने के लिए कलेक्टरों को मुख्य सचिव के माध्यम सेनिर्देशित किया हैं. उन्होंने यह निर्देश स्वास्थ्य मंत्री टी.एस.सिंह देव के परामर्श पर दिया. स्वास्थ मंत्री ने मुख्यमंत्री से फोन पर लॉकडाउन करने का अनुरोध किया था, इस पर मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार कलेक्टर को निर्णय लेने हेतु अधिकृत करने का निर्देश दिया और मुख्य सचिव ने कलेक्टर वीसी में निर्देश दिए.
प्रतिष्ठित व्यक्तियों का भी सहयोग लिया जाए
मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने गुरुवार को कोरोना संक्रमण की रोकथाम और टीकाकरण के संबंध में ली गई वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान सभी जिला कलेक्टरों को मुख्यमंत्री के निर्देशों से अवगत कराया. उन्होंने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार जिला कलेक्टर समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए आवश्यक निर्णय ले. उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में कोरोना संक्रमण के प्रसार की रोकथाम के लिए सभी उपाय करने के साथ साथ टीकाकरण को एक जनांदोलन का रूप दिया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग टीकाकरण के लिए प्रेरित हो. उन्होंने कहा कि इसके लिए विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं और प्रतिष्ठित व्यक्तियों का भी सहयोग लिया जाए.

