जनता से मिलने डोर टू डोर जायेंगे दिग्गज नेता, बांटेंगे मतदाता पर्ची

महाअभियान : राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्रीगण और राष्ट्रीय पदाधिकारी मतदाताओं को बाटेंगे मतदान पर्ची, मतदान की करेंगे अपील

भोपाल। मतदान को अब सिर्फ तीन दिन बचे हैं। मैदानी प्रचार के लिए सिर्फ एक दिन शेष है। इस बीच सभी दलों के दिग्गज नेता डोर टू डोर प्रचार के लिए रणनीति बना रहे हैं। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता मतदाताओं के घर-घर पहुंचने का महा अभियान शुरू कर रही है। भारतीय जनता पार्टी का यह अभियान मंगलवार से शुरू हो रहा है। महा अभियान में पार्टी के दिग्गज नेता मतदाताओं के घर-घर तक जाएंगे और मतदान करने की अपील करेंगे। इस महा अभियान के जरिए भाजपा नेता बूथ स्तर तक मजबूती के लिए जुटे हैं। बूथ सशक्तिकरण अभियान के प्रभारी और भाजपा के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने नवभारत टाइम्स डॉट कॉम से चर्चा में बताया कि शत प्रतिशत मतदान हो और हर मतदाता लोकतंत्र के इस महायज्ञ में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें इसके लिए भारतीय जनता पार्टी परंपरानुसार पर्ची वितरण अभियान में जुटी हुई है। 14 नवम्बर को प्रातः 10 बजे पूरे प्रदेश में एक साथ मतदाता पर्ची वितरण का महाअभियान में पार्टी के दिग्गज नेता शामिल होंगे। इस अभियान के अंतर्गत पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री, प्रदेश चुनाव प्रभारी, मुख्यमंत्री, चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक, प्रदेश अध्यक्ष, चुनाव सह प्रभारी, केंद्रीय मंत्रीगण और पार्टी के वरिष्ठ नेतागण सहित सभी कार्यकर्ता घर-घर मतदाता पर्ची वितरण कर मतदान की अपील करेंगे। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्र्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश बैरसिया विधानसभा के बूथ क्र. 241 मुगालिया हाट, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान सुवासरा विधानसभा के वार्ड क्र. 8 स्थित मतदान केन्द्र 269, केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेन्द्र सिंह तोमर मुरैना, केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव भोपाल की दक्षिण पश्चिम विधानसभा के बूथ क्र. 63 शास्त्री नगर, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद  विष्णुदत्त शर्मा खण्डवा के हरिगंज बूथ, केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव भोपाल के उत्तर विधानसभा बूथ क्र. 36 प्रभु नगर ईदगाह हिल्स, राष्ट्र्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय इंदौर, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर, डॉ. वीरेन्द्र खटीक टीकमगढ विधानसभा के बूथ क्र. 75 नंदीश्वर कालोनी, केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल नरसिंहपुर विधानसभा के बूथ क्र. 194-195 शंकराचार्य वार्ड, फग्गन सिंह कुलस्ते निवास विधानसभा के बूथ क्र. 53 देवरी कला, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी भोपाल की गोविन्दपुरा विधानसभा के बूथ क्र. 362 पटेल मोहल्ला, प्रदेश शासन के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा दतिया विधानसभा के ग्राम नंदपुर, पार्टी के प्रदेश महामंत्री व सांसद  कविता पाटीदार शाजापुर विधानसभा के बूथ क्र. 260 में मतदाता पर्ची वितरण कर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान करने की मतदाताओं से अपील करेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here