एमपी में बड़े सियासी बदलाव की आहट!

नई दिल्ली। क्या मध्यप्रदेश में सत्ता और संगठन में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से बुधवार को थोड़े अंतराल के बाद प्रदेश के दो प्रमुख नेताओं की मुलाकात से यह सवाल सियासी गलियारों में हलचल मचा रहा है। भाजपा अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा से मध्यप्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज भेंट की। उनके बाद संसद में पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की। अलग अलग हुई इन दोनों मुलाकातों की टाइमिंग ही बदलाव की आहट का इशारा कर रही है। बता दें कि लोकसभा चुनाव के बाद अब बीजेपी संगठन के चुनाव अपेक्षित हैं। पार्टी पहले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव और फिर लोकसभा चुनाव के कारण संगठन के चुनाव टालती रही थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद उनकी जगह कार्यकारी अध्यक्ष बनाने पर भी विचार चल रहा है। जिसे बाद में नया अध्यक्ष चुना जा सके। यही स्थिति मध्यप्रदेश में वीडी शर्मा को लेकर है। सूत्रों के अनुसार प्रदेश के वीडी की जगह कौन लेगा, इस पर नड्डा ने शिवराज और शर्मा से सलाह मशविरा किया है। इसके अलावा मंत्रिमंडल विस्तार भी मोहन यादव सरकार में होना है। उस मामले में भी बातचीत के संकेत मिले हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत लोकसभा चुनाव के बीच बीजेपी में शामिल हुए हैं। उन्हें मंत्री बनाने का वादा किया गया था। रावत मंत्री बनने के बाद ही कांग्रेस विधायक पद से त्यागपत्र देकर उपचुनाव चाहते हैं। उनके मंत्री बनने के साथ दो-तीन और विधायक मंत्री बन सकते हैं तो करीब तीन मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here