इंदौर शहर के हीरा नगर थाना क्षेत्र में गरबे के दौरान वाहन में कट लगने की बात को लेकर हुए विवाद में घायल 16 वर्षीय छात्र प्रथमेश पंवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद दो युवकों ने प्रथमेश पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। हमले में छात्र को गंभीर चोट आई थी। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 12 अक्टूबर से उसका इलाज चल रहा था। आठ दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद छात्र ने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वारदात में शामिल बताए जा रहे दोनों युवकों की तलाश की जा रही है।जानकारी के मुताबिक, घटना हीरा नगर थाना क्षेत्र में पशुपतिनाथ मंदिर के पास बजरंग नगर की बताई जा रही है। यहां गरबे के दौरान वाहन में कट लगने की बात को लेकर प्रथमेश पंवार का दो युवकों से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों युवकों ने कथित तौर पर प्रथमेश पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में चाकू का गहरा घाव लगने से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। खून से लथपथ हालत में परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। परिजन को उम्मीद थी कि उपचार के बाद प्रथमेश की हालत में सुधार होगा, लेकिन इलाज के दौरान उसकी स्थिति बिगड़ती चली गई। जानकारी के अनुसार, धारदार हथियार से लगी चोट में संक्रमण फैलने के बाद उसकी हालत गंभीर हो गई। आखिरकार इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्र की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक प्रथमेश पंवार दसवीं कक्षा का छात्र था। कम उम्र में उसकी मौत से परिजन और परिचितों में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि प्रथमेश के चाचा शरद पंवार भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और पार्षद का चुनाव भी लड़ चुके हैं।वहीं, मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बाइट – अभिषेक रंजन , डीसीपी , इंदौर


