छतरपुर के बमीठा थाना क्षेत्र से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। ग्राम अवधपुरा में घर के अंदर सो रहे भाई-बहन को सांप ने काट लिया। हादसे में 12 वर्षीय नेहा कुशवाहा और उसके 18 वर्षीय भाई जीतेन्द्र कुशवाहा की मौत हो गई। दोनों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।बताया जा रहा है कि रात में नेहा और जीतेन्द्र घर में एक साथ सो रहे थे। इसी दौरान सांप ने दोनों के पैर में काट लिया। सांप के काटने से नेहा की नींद खुल गई और उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन उसे तत्काल स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।वहीं जीतेन्द्र गहरी नींद में होने के कारण परिजनों को पता नहीं चला कि उसे भी सांप ने काटा है। बाद में तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई, लेकिन तब तक उसकी भी मौत हो चुकी थी। जीतेन्द्र कक्षा 12वीं का छात्र था, जबकि नेहा कक्षा 6वीं में पढ़ती थी।घटना के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। बारिश के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ने के बीच इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
बाइट — परिजन