सिंह टॉवर के पास कार में लगी भीषण आग, परिवार कूदकर बचा, 15 मिनट में जलकर खाक

गुना में सिंह टॉवर के पास एक कार में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और करीब 15 मिनट के भीतर गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।घटना के समय कार में सवार परिवार ने समय रहते बाहर कूदकर अपनी जान बचाई।सूत्रों के अनुसार कार क्रमांक एमपी 09 सीएफ 2366 सिंह टॉवर के पास खड़ी थी। तभी अचानक कार से धुआं निकलता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग भड़क उठी।

आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई।वाहन मालिक पांडे, जो इंदौर निवासी बताए जा रहे हैं, ने बताया कि वे परिवार सहित दर्शन कर लौट रहे थे और शाम के समय गुना पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक कार में आग लग गई। उन्होंने बताया कि गाड़ी सीएनजी थी और आग कुछ ही मिनटों में पूरी कार में फैल गई।

घटना के समय कार में पति-पत्नी और दो बच्चे सवार थे। आग लगते ही परिवार ने तुरंत कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती चली गई।सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के चलते कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी और यातायात प्रभावित रहा।फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या सीएनजी सिस्टम में खराबी की आशंका जताई जा रही है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here