हरपालपुर में 11 केवी हाईटेंशन लाइन से झुलसे दो नाबालिग, हालत गंभीर; छतरपुर जिला अस्पताल रेफर..

मकान के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन को बताया हादसे की वजह; परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए..छतरपुर: जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। वार्ड नंबर 10 स्थित कालका मैरिज हाउस के पीछे 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो नाबालिग युवक गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घायलों की पहचान 16 वर्षीय साहिल और 17 वर्षीय शानू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक हरपालपुर में रिश्तेदारी में हुई गमी में शामिल होने आए थे। इसी दौरान वे किसी काम से मकान के पास पहुंचे, जहां ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगते ही दोनों बुरी तरह झुलस गए।

घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है।

परिजनों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि जिस मकान के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, उसे लेकर कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मोबाइल टॉवर के लिए डाली गई ये लाइनें रिहायशी इलाकों में खतरा बनी हुई हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए, साथ ही रिहायशी इलाके से गुजर रही मोबाइल टॉवर के लिए डाली गई खतरनाक बिजली लाइन को तत्काल हटाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here