कोलगढ़ी से दिखेगी स्वाभिमान की झलक, त्योंथर का गौरव लौटेगा

  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोल जनजाति सम्मेलन को किया संबोधित
  • रीवा जिले के त्योंथर में आयोजित हुए सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कई विकास कार्यों का किया भूमिपूजन

रीवा। कोलगढ़ी, कोल समाज का स्वाभिमान और गौरव है। इस गढ़ी से कोल समाज के इतिहास को दिखाया जाएगा। कोलगढ़ी का फिर से जीर्णोद्धार किया जाएगा। कोलगढ़ी का गौरव लौटाना मतलब त्योंथर का गौरव लौटाने जैसा है। यह बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रीवा के त्योंथर में आयोजित कोल जनजाति सम्मेलन में कहीं। मुख्यमंत्री ने यहां पर लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से कोलगढ़ी के जीर्णोद्धार कार्य का भूमिपूजन भी किया। इसके अलावा सीएम शिवराज ने कोलगढ़ी के विकास एवं संरक्षण कार्य का भूमिपूजन एवं त्योंथर सूक्ष्म सिंचाई परियोजना का शिलान्यास भी किया। आपको बता दें कि गढ़ी का कुल एरिया 2410 वर्ग मीटर है। 740 वर्ग मीटर में गढ़ी की इमारत है। मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा सामुदायिक भवन निर्माण का स्वीकृति पत्र भी सौंपे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रीवा शहर में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 1 एकड़ भूमि आवंटित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला खनिज न्यास और जिला पंचायत निधि के तहत 93.47 लाख रुपए से भगवान बिरसा मुंडा सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 84.99 करोड़ रुपए लागत वाली त्योंथर सूक्ष्म सिंचाई परियोजना से त्योंथर ब्लॉक के 52 गांवों के 8 हजार किसानों की 7600 हेक्टेयर भूमि तक पानी पहुंचेगा। परियोजना को 2026 तक पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना में टमस नदी से 2.66 क्यूमेक पानी लिफ्ट कर पाइपलाइन के जरिए खेतों तक पहुंचाया जाएगा। ​सीएम शिवराज ने रीवा जिले के कोल समाज के 3831 हितग्राहियों को पट्टे भी वितरित किये।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here