मुलायम परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का 38 की उम्र में निधन

समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री Mulayam Singh Yadav के परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सपा प्रमुख Akhilesh Yadav के सौतेले भाई और भाजपा नेता Aparna Yadav के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह मात्र 38 वर्ष के थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहकर बिजनेस और फिटनेस की दुनिया में सक्रिय थे। लग्जरी लाइफस्टाइल, महंगी गाड़ियों और फिटनेस को लेकर वह अक्सर सुर्खियों में बने रहते थे। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी खासी लोकप्रियता थी। हाल के महीनों में पत्नी अपर्णा यादव के साथ रिश्तों को लेकर चर्चाएं भी सामने आई थीं, हालांकि दोनों परिवार के साथ विदेश यात्रा पर भी गए थे, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं।

प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। हालांकि वह सक्रिय राजनीति से हमेशा दूर रहे, लेकिन उनका नाम अक्सर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना रहता था। उनके निधन की खबर सामने आते ही समाजवादी पार्टी, भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त करना शुरू कर दिया।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपने छोटे भाई को श्रद्धांजलि दी। उनके निधन से यादव परिवार समेत समर्थकों और करीबियों में शोक की लहर है। फिलहाल परिवार की ओर से निधन के कारणों को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here