मऊगंज में करोड़ों के एमडी ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़, हाईटेक फैक्ट्री पर छापा; 4 आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। शाहपुर थाना क्षेत्र के बिझौली गांव में किराए के एक कच्चे मकान में संचालित हाईटेक लैब पर छापेमारी कर पुलिस ने करीब 360 ग्राम एमडी ड्रग्स, 300 लीटर से अधिक रासायनिक पदार्थ, ड्रग्स बनाने की आधुनिक मशीनें, ओवन, वैक्यूम पंप, हीटर, जनरेटर और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो गाड़ी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, जब्त एमडी ड्रग्स की कीमत करीब एक करोड़ रुपये और कुल जब्त सामग्री का मूल्य लगभग 1.28 करोड़ रुपये आंका गया है। कार्रवाई के दौरान चंदन सिंह, अशोक गुप्ता, पीयूषचंद्र यादव और ऋषभ सेन को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस का कहना है कि यह अवैध फैक्ट्री मार्च महीने से संचालित हो रही थी। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। मऊगंज पुलिस अधीक्षक संजय कुमार जैन ने बताया कि अब इस ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े अन्य तस्करों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की तलाश तेज कर दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here