भयावन हत्याकांड में 15 नामजद समेत 15 अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज, अवैध संबंधों के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या।

शिवपुरी जिले के भौंती थाना क्षेत्र के ग्राम भयावन में मंगलवार शाम हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 नामजद आरोपियों सहित 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। मृतक प्रभान सिंह लोधी (40) गांव में क्लीनिक संचालित करते थे। पुलिस के अनुसार मृतक और गांव की एक विवाहित महिला के बीच संबंधों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

मृतक की पत्नी मीना लोधी की शिकायत पर दर्ज एफआईआर के अनुसार प्रभान सिंह घर पर खाना खा रहे थे, तभी आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें बाहर खींच लिया और लाठियों, डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी मीना लोधी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें आईं। घटना के दौरान मृतक के भाई कृपाराम लोधी और दामाद सचिन लोधी ने भी बचाने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने हमला जारी रखा।

गंभीर रूप से घायल प्रभान सिंह को उपचार के लिए पिछोर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजन बड़ी संख्या में भौंती थाने पहुंचे और पिछोर-शिवपुरी मार्ग पर चक्काजाम कर आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। देर रात तक पुलिस और परिजनों के बीच आरोपियों की संख्या को लेकर चर्चा चलती रही।

पुलिस ने रामनिवास पाल, देवेन्द्र पाल, राजू पाल, बलवीर पाल, सुदामा पाल, परमेश्वरदास पाल, मिजाजी पाल, केशपाल, प्रदीप पाल, दिनेश पाल, अंगद लोधी, अनिल लोधी, पुष्पेन्द्र पाल, शैतान पाल और मोहर सिंह पाल सहित 15 नामजद तथा 15 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 333, 191(2), 191(3), 190, 115(2) और 296(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here