छतरपुर /जिले के ईशानगर नगर में जैन मंदिर के सामने मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सागर की ओर से बिजली विभाग के खंभों के तार लेकर अचट की ओर जा रही पिकअप वाहन MP 15 ZK 3708 ने पैदल जा रही गर्भवती महिला को पीछे से टक्कर मार दी।बताया जा रहा है कि रानी साहू (30), पति रामस्वरूप साहू, निवासी गहरवार, अपने दो बच्चों के साथ पैदल जा रही थीं। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।टक्कर के दौरान महिला की गोद में मौजूद करीब दो वर्षीय बालक दूर जा गिरा, जिससे उसके सिर में चोट आई। वहीं साथ चल रही बालिका को चोट नहीं आने की जानकारी है घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और ईशानगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


