छतरपुर। शहर के जवाहर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पीछे रिंकू ट्रांसपोर्ट के गोदाम में तहसीलदार और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की। यहां से करीब 20 पैकेट पटाखे बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पटाखों के भंडारण को लेकर वैध अनुमति और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका सामने आई है।
थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर प्रशासनिक टीम ने गोदाम पर औचक छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पटाखों का भंडारण पाए जाने पर अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि पटाखे कहां से लाए गए थे और उन्हें गोदाम में किस उद्देश्य से रखा गया था।
जांच के दौरान पटाखों के भंडारण से संबंधित लाइसेंस, अनुमति और सुरक्षा व्यवस्थाओं की पड़ताल की जा रही है। गोदाम में अग्निशमन उपकरणों सहित अन्य सुरक्षा इंतजामों की स्थिति भी जांच के दायरे में है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।