छतरपुर जिले के बिजावर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रानीताल के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिससे वाहन में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन काफी तेज गति से चल रहा था। रानीताल के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर तत्काल बिजावर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।बिजावर स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर महेश त्रिवेदी ने जांच के बाद मुन्नीलाल (55 वर्ष) एवं प्रियंका अहिरवार (23 वर्ष) निवासी पनागर को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल तीन अन्य लोगों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।घटना की सूचना मिलते ही वाजना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


