डोडा चूरा तस्करी से जुड़े ट्रक की कार्रवाई के दौरान भाग रही संदिग्ध कार ने मावन में मचाई तबाही, कई लोग घायल, चालक कार छोड़कर फरारगुना जिले के कैंट थाना क्षेत्र के मावन इलाके में शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार एक संदिग्ध कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरी बाइक और घटनास्थल पर मौजूद कुछ ग्रामीण भी हादसे में घायल हुए हैं।
सूत्रो के अनुसार, केंद्रीय नारकोटिक्स विभाग की टीम डोडा चूरा तस्करी के मामले में कार्रवाई करने गुना पहुंची थी। टीम ने मावन क्षेत्र में डोडा चूरा से भरे एक ट्रक को रोक लिया था। बताया जा रहा है कि ट्रक के आगे-आगे एक कार चल रही थी, जिसे ट्रक का एस्कॉर्ट वाहन माना जा रहा है।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रक पकड़े जाने की भनक लगते ही कार चालक मौके से भाग निकला। वह पहले गुना की ओर आया और फिर तेज रफ्तार में अशोकनगर की दिशा में भागने लगा।
इसी दौरान मावन के आगे एक मोड़ पर उसने पहले एक बाइक को टक्कर मारी, फिर घर के सामने खड़ी दूसरी बाइक और वहां मौजूद लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया।हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। केंद्रीय नारकोटिक्स विभाग की टीम ने गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे के अन्य कारणों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है


