सागर में ट्रक-बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत, भगवां के दो युवकों की दर्दनाक मौत; एक गंभीर

सागर। टीकमगढ़-सागर मार्ग पर शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसे में छतरपुर जिले के भगवां क्षेत्र के दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शाहगढ़ थाना क्षेत्र में सिमरिया नरवा के बीच बगरोही टीक के पास रात करीब 1 बजे हुआ, जहां ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।जानकारी के अनुसार, बोलेरो सवार लोग सागर से भगवां लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उनकी गाड़ी की सीधी टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि बोलेरो में सवार भगवां निवासी उत्तम यादव और प्रमोद लोधी पिता रमेश सिंह लोधी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि प्रमोद लोधी क्षेत्र में बोरवेल का काम करते थे।हादसे की सूचना मिलते ही शाहगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाने में पदस्थ आरक्षक दिनेश साहू ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगढ़ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सागर रेफर कर दिया गया।पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। हादसे की खबर भगवां पहुंचते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार शाम करीब 4 बजे दोनों युवकों का भगवां में अंतिम संस्कार किया गया। इस दर्दनाक हादसे से परिजनों और क्षेत्रवासियों में गहरा दुख है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

blob:https://www.no2politics.com/d700406d-66d2-4794-bd7e-d137660aafe7

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here