नर्मदापुरम- मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिला से एक बार फिर सरकारी अनाज घोटाले की चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां सिवनीमालवा के कोठरा गांव स्थित पंचमुखी वेयरहाउस से करीब 800 क्विंटल (1600 बोरी) शासकीय गेहूं गायब हो गया। मामला तब उजागर हुआ जब एसडीएम विजय राय अपनी टीम के साथ रबी उपार्जन शुरू होने से पहले निरीक्षण के लिए पहुंचे।
शुरुआती जांच में ही स्टॉक में गड़बड़ी का शक हुआ और वेयरहाउस को तत्काल सील कर दिया गया, लेकिन तीन दिन बाद जब दोबारा गिनती हुई तो पूरा खेल सामने आ गया—पिछले सीजन 2025-26 का 1600 बोरी गेहूं गायब मिला, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
गड़बड़ी के सामने आने के बाद एसडीएम विजय राय ने वेयरहाउस संचालक से पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर है, जो गंभीर अनियमितता की ओर इशारा करता है।
कार्रवाई का मुख्य कारण वेयरहाउस में रखे शासकीय अनाज का भौतिक स्टॉक और दस्तावेजों में दर्ज मात्रा का मेल न होना रहा। इतनी बड़ी मात्रा में गेहूं के गायब होने से यह आशंका भी जताई जा रही है कि मामला केवल लापरवाही नहीं, बल्कि संगठित स्तर पर की गई गड़बड़ी हो सकता है। फिलहाल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अब यह देखा जाना बाकी है कि जांच में केवल वेयरहाउस संचालक की जिम्मेदारी तय होती है या अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी इसके दायरे में आते हैं।
बाइट- विजय राय ( एसडीएम सिवनी मालवा )इन्द्रपाल सिंह नर्मदापुरम।


