संतान न होने पर विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति और सास पर सिविल लाइन थाना में केस दर्ज

छतरपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति और सास पर घरेलू प्रताड़ना, मारपीट और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, रोशनी कुशवाहा (21) निवासी ग्राम गुरैया, थाना सिविल लाइन, अपने पिता मन प्यारे कुशवाहा के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।

रोशनी ने बताया कि उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व चिरंजीव कुशवाहा से हुई थी। शादी के बाद से वह अपने पति के साथ अलग रहती है, जबकि सास-ससुर अलग मकान में रहते हैं। पीड़िता का आरोप है कि उसके कोई संतान नहीं होने की बात को लेकर पति चिरंजीव कुशवाहा और सास ममता कुशवाहा आए दिन उसे प्रताड़ित करते थे।शिकायत में रोशनी ने बताया कि 22 जून 2026 की सुबह करीब 7 बजे वह घर का काम कर रही थी।

उसने पति से घर का सामान लाने के लिए कहा, लेकिन वह सामान नहीं लाया। इसके बाद जब वह सास के घर पानी भरने गई तो वहां मौजूद सास और पति ने उसके साथ विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि सास ने गाली-गलौज करते हुए उसे धक्का दिया और हाथ-लात से मारपीट की। वहीं पति ने पास में पड़ा डंडा उठाकर उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसके पैरों, सिर, पीठ और हाथों में चोटें आईं।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद उसने अपने मायके पक्ष को सूचना दी और पिता के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति चिरंजीव कुशवाहा और सास ममता कुशवाहा के विरुद्ध बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here