कोलकाता। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर निशाना साधा है। मंगलवार को उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के दौरान टीएमसी ने ध्रुवीकरण की राजनीति का सहारा लिया और उन्हें हराने के उद्देश्य से पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान को बहरामपुर सीट से उम्मीदवार बनाया।
अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि टीएमसी का मुख्य लक्ष्य बहरामपुर में उनकी राजनीतिक पकड़ को कमजोर करना था। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने चुनावी लाभ के लिए सामाजिक और राजनीतिक ध्रुवीकरण की रणनीति अपनाई।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में टीएमसी ने बहरामपुर सीट से यूसुफ पठान को मैदान में उतारा था। अधीर रंजन के इस बयान के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर कांग्रेस और टीएमसी के बीच सियासी बयानबाजी तेज होने की संभावना है।


