ग्वालियर पुलिस ने एक अग्निवीर को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और विषाक्त पदार्थ खिलाकर हत्या करने के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार किया गया है और युवती के मृत्यु पूर्व दिए गए बयान के आधार पर कार्रवाई की है।दरअसल सिरोल थाना इलाके में रहने वाली युवती की शादी की बात अग्निवीर विकास बघेल से चली थी। उस वक्त परिजनों ने दोनों की मुलाकात कराई थी। इसी दौरान दोनों ने एक-दूसरे के नंबर ले लिए थे। लेकिन बाद में दोनों का रिश्ता तय नहीं हो सका था। इसके बाद भी विकास युवती से मोबाइल के जरिए लगातार संपर्क में रहा।करीब तीन साल पहले उसने मिलने के बहाने युवती को बुलाया था और उसके साथ दुष्कर्म किया था। विकास ने युवती का कोई आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था, जिसे वह सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी देकर युवती को बार बार बुलाने के लिए इस्तेमाल करता था। यही वजह है कि युवती बदनामी के डर से कई दफा उसके पास आ जाती थी और विकास उसका शारीरिक शोषण करता था। कुछ दिन पहले वह ग्वालियर आया था। 7 अगस्त को उसने युवती को यह कहकर मिलने बुलाया कि वह उसका वीडियो डीलिट कर देगा। इसके बाद वीडियो डीलिट करने के नाम पर उसके साथ संबंध बनाने के लिए दबाव डाला। जब पीड़िता ने इंकार किया तो पोसंपा रेस्त्रां के पास मारपीट की। उसके बाद जबरन उसे जहर खिलाया और पानी पिला दिया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया था। कंपू स्थित हजार बिस्तर अस्पताल के पास से पीड़िता ने अपने ममेरे भाई को कॉल करके बुला लिया था। ममेरे भाई ने बताए गए पते पर पहुंचकर युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने अस्पताल में भर्ती युवती के मृत्यु पूर्व कथन रिकार्ड लिए थे। जिसमें युवती ने पुलिस को बताया था कि वह तीन साल से प्रताड़ना झेल रही थी। न तो विकास उससे शादी कर रहा था, न ही उसे छोड़ रहा था। वह जब मिलने से मना करती तो मारपीट करता था। दो बार गर्भपात भी कराया था। 7 अगस्त को जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया और छोड़कर भाग गया था। सीएसपी रवि भदौरिया ने बताया कि मामले में जांच के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया गया है और आरोपी को पंजाब के फिरोजपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
बाइट – रवि भदौरिया, CSP सिरोल थाना सर्किल ग्वालियर


