पन्ना। पन्ना टाइगर रिजर्व के किशनगढ़ रेंज के जंगल में एक वयस्क बाघ का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर बीके पटेल सहित वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई और बाघ की मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।वन विभाग के अनुसार, बाघ के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और नियमानुसार अंतिम संस्कार की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बीते दो महीनों में पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघ की यह तीसरी मौत बताई जा रही है। इससे पहले अमानगंज रेंज के कंचन नाला क्षेत्र में बाघ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी, जबकि मड़ला रेंज में एक अन्य बाघ की मौत का कारण आपसी संघर्ष बताया गया था।लगातार बाघों की मौत से पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघ संरक्षण, निगरानी व्यवस्था और वन प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, मौजूदा बाघ की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


