यंगून: म्यांमार (Myanmar) के सैन्य तख्तापलट (Army Coup) का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों पर गोली चलने की खबर सामने आने से हड़कंप मच गया. पुलिस ने देश की पूर्व राजधानी बागान में रविवार को गोलीबारी की जिसमें कई लोग घायल हो गये. सोशल मीडिया पर प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बताए गए आंखों देखा हाल और वीडियो के जरिये यह जानकारी सामने आई है. बागान में प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई में 5 लोग घायल हुए हैं. मौके से गोलियां भी बरामद की गई हैं.
टूरिज्म हब बना प्रोटेस्ट प्वाइंट
बागान को देश के चंद बेहतरीन टूरिस्ट स्पॉट के तौर पर जाना जाता है लेकिन सेना के तख्तापलट के खिलाफ यहां अब बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो रहे हैं. संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय के अनुसार म्यांमार के कई शहरों में रोजाना प्रदर्शनों का दौर जारी है. यहां सुरक्षा बल जवाबी कार्रवाई करते हुए बल प्रयोग और गिरफ्तारियां भी कर रहे हैं.
50 से ज्यादा मौत, हजारों गिरफ्तार
हालिया जानकारी के मुताबित 28 फरवरी के दिन 18 प्रदर्शनकारी और पिछले बुधवार को 38 प्रदर्शनकारी मारे गये थे. राजनीतिक कैदियों के लिए स्वतंत्र सहायता संघ ने दावा किया कि 1,500 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है. स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक रविवार को यंगून और मांडले इन दो बड़े शहरों समेत, देश में कई जगह व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए. इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के लिए कथित तौर पर बल प्रयोग करते हुए आंसू गैस के गोले भी छोड़े.
ये भी पढ़ें- Bulgaria में Air France की फ्लाइट की इमरजेंसी लैडिंग, पैसेंजर की बदसलूकी बनी वजह
‘दमन का दौर’
गौरतलह है कि तख्तापलट के बाद से ही यहां की जनता दमन के आरोप लगा रही है. यंगून पुलिस ने प्रदर्शन के आयोजकों और समर्थकों को पकड़ने के लिए शनिवार रात छापेमारी की थी. एनएलडी सांसद सिथु माउंग द्वारा फेसबुक पर किए गए एक पोस्ट के अनुसार आंग सान सू ची की नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी पार्टी से वार्ड अध्यक्ष रविवार की सुबह एक सैन्य अस्पताल में मृत पाये गये.
सोशल मीडिया पर इस तरह के संदेह जताये जा रहे हैं कि 58 साल के खिन माउंग लत्त की मौत हिरासत में पिटाई के दौरान हुई है. हालांकि आधिकारिक तौर पर उनकी मौत के कारण के बारे में तत्काल नहीं बताया गया है. गौरतलब है कि देश की सेना ने आंग सान सू ची की निर्वाचित सरकार को एक फरवरी को हटाकर सत्ता पर कब्जा कर लिया था. इस तख्तापलट के खिलाफ देशभर में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं.
LIVE TV