लंदन: कोरोना वायरस (Coronavirus) के खिलाफ लड़ाई में कोरोना वैक्सीन (Corona Vaccine) ही सबसे बड़ी उम्मीद है. तमाम देशों में वैक्सीनेशन जारी है लेकिन बीच-बीच में कई बार ऐसी खबरें आती हैं जो लोगों के मन में शंका पैदा करती हैं. आयरलैंड में भी ऐसे ही मामले सामने आ रहे हैं. कथित तौर पर कोरोना वैक्सीनेशन (Corona Vaccination) के बाद खून के थक्के जमने के मामले सामने आ रहे हैं.
एडल्ट्स को हो रही ये दिक्कत
आयरलैंड के स्वास्थ्य अधिकारियों ने नॉर्वे में टीकाकरण (Corona Vaccination) के बाद खून के थक्के जमने संबंधी रिपोर्ट सामने आने के बाद ‘एस्ट्राजेनेका’ (AstraZeneca) टीके के इस्तेमाल पर अस्थायी तौर पर रोक लगा दी है. आयरलैंड के डिप्टी सीएमओ (Deputy Chief Medical Officer) डॉ. रोनन ग्लिन ने बताया कि नॉर्वे में मेडिकल एजेंसी ने ‘एस्ट्राजेनेका’ टीका लगाए जाने के बाद एडल्ट्स में खून के थक्के जमने के चार मामलों की जानकारी दी है, जिसके बाद इसके इस्तेमाल पर रोक लगाने की रविवार को सिफारिश की गई.
एस्ट्राजेनेका का दावा
डॉ. रोनन ग्लिन ने कहा, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि टीका और इन मामलों के बीच क्या संबंध है लेकिन एहतियातन रोक लगाई गई है. ब्रितानी-स्वीडिश कंपनी ‘एस्ट्राजेनेका’ ने रविवार को एक बयान में कहा, ‘वह स्पष्ट वैज्ञानिक सबूतों के आधार पर अपने कोविड-19 टीके का इस्तेमाल सुरक्षित होने को लेकर आश्वस्त करना चाहती है. लोगों की सुरक्षा हमेशा हमारी प्राथमिकता रहेगी. इस मामले की समीक्षा की जा रही है, लेकिन उपलब्ध साक्ष्य इस बात की पुष्टि नहीं करते कि इन मामलों का कारण टीका लगाया जाना है.’
WHO ने बताया प्रभावी टीका
इससे पहले, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और यूरोपीय संघ के मेडिकल रेगुलेटर ने कहा था कि इस टीके और खून के थक्के जमने के मामलों के बीच कोई संबंध नहीं है. कोरोना वायरस की वैक्सीन एस्ट्राजेनेका के इस्तेमाल को लेकर डर की खबरों के बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसे प्रभावी करार दिया है. WHO की प्रवक्ता मार्ग्रेट हैरिस ने मीडिया से बात करते हुए कहा, इसका इस्तेमाल रोकने की जरूरत नहीं है. इसकी डोज लेना जारी रखना चाहिए.
LIVE TV

