रीवा में मिठाई दुकान पर प्रशासन का छापा, मिली फफूंद लगी और मिलावटी मावे से बनी मिठाई

त्योहार के सीजन में मिठाई खरीदने से पहले सावधान हो जाइए, क्योंकि जिस मिठाई से आपका मुंह मीठा होना है, वही आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। रीवा में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को प्रशासन ने, सिरमौर चौराहे पर मिठाई की दो दुकानों में कार्रवाई की है। जहां पर मिलावटी मावा और फफूंद लगी मिठाईया मिली है, जिसे जब्त करते हुए, संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए गए है।

रीवा कलेक्टर के निर्देश पर त्योहार के मद्देनजर, खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को, सिरमौर चौराहे पर दो मिष्ठान दुकानों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान एसडीएम अनुराग तिवारी, तहसीलदार शिव शंकर शुक्ला और खाद्य एवं औषधि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। जांच के दौरान दुकानों के अंदर गंदगी और दूषित खाद्य सामग्री मिलने से, अधिकारियों ने नाराजगी जताई। टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ जब्त किए। वहीं, दूषित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। इस मामले में एसडीएम ने संबंधित प्रतिष्ठान का लाइसेंस रद्द करने के निर्देश जारी किए हैं।

वहीं, मिलावट के खिलाफ अब तक हुई कार्रवाई में छोटी दुकानों से लेकर प्रतिष्ठित मिष्ठान दुकानों तक, कई जगह मिलावटी मावा और फफूंद लगी मिठाइयां मिलने की बात सामने आई है। प्रशासन की लगातार कार्रवाई के बाद अब मिठाई कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि, त्योहार के दौरान मिठाई या कोई अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और साफ-सफाई जरूर जांचें।

किसी भी तरह की अनियमितता नजर आने पर तत्काल प्रशासन को इसकी सूचना दें। फिलहाल सिरमौर चौराहे पर हुई इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की गई है और संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके पहले भी खाद्य विभाग द्वारा कार्यवाही करते हुए नकली मिठाई फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था, जो तबेले की आड़ में चल रही थी। त्योहार के बीच प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ है कि मिलावटखोरों पर अब शिकंजा कसने की तैयारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here